बिहार की बेटी ने किया हिमालय की रेनोक पीक को फतह, 16500 फ़ीट की ऊंचाई पर लहराया तिरंगा
बिहार शरीफ के खंदक पर की रहने वाली अनिल गुप्ता की बेटी प्रिया रानी ने एक बार फिर से अपनी पर्वतारोहण की यात्रा को जारी रखते हुए हिमालयन रेंज की “रेनोक पीक, सिक्किम” (16,500 फीट) को फतह किया है। हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान, दार्जिलिंग में मई में, 1 माह की ट्रेनिंग का आयोजन किया गया था। इस ट्रेनिंग में देश भर के 66 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमे से 45 ने ही सफलता हासिल की।
प्रिया रानी ने बिहार शरीफ और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सफलता हासिल की और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। रेनोक पीक फतह के सफर की शुरुआत हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान में रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग, आइस ऐक्स-क्लाइंबिंग, रेस्क्यू तकनीक,सेल्फ अरेस्ट, ग्रुप अरेस्ट आदि का प्रशिक्षण लेते हुए, प्रारंभ में टाइगर हिल की 22 किमी की चढ़ाई की।

18 किलो के वजन के साथ 7 घण्टे का लगातार सफर
टाईगर हिल की चढ़ाई के बाद युकसम पीक की तरफ बढ़ी, युकसम पीक, कंचनजंगा के प्रवेश स्थल से बखीम ट्रेक के दौरान 18 किलो के वजन के साथ 7 घण्टे का लगातार सफर तय करने के बाद 9,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंची।
16,500 फीट पर फहराया तिरंगा
यहां से 13,218 फीट की ऊंचाई वाली डीजोंगरी हिमालयन रेंज की बर्फबारी में लगातार 8 घंटे के कठिन ट्रेक के बाद चोअरी-खांग 14,600 फीट पर पहुंची। इसके बाद रहतोंग ग्लेशियर की भारी बर्फबारी में विपरीत परिस्थितियों में अंत में हिमालय रेंज की रेनोक पीक 22 मई को (सिक्किम) जिसकी ऊंचाई 16,500 फीट है पर तिरंगा फहराया।

ज्ञात हो कि प्रिया रानी ने इसके पूर्व हिमाचल प्रदेश के युनाम पीक (20,000 फीट) पर 15 अगस्त को तिरंगा फहरा कर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया था। साथ ही अंजना यादव,प्रिया रानी और राजगीर के नई पोकर गोपाल कुमार भी फ्रेंडशिप पीक, पतालसु पीक आदि फतह कर चुके है।