बिहार में सैंड आर्ट बनाकर नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई, आदिशक्ति के नाम से दी शुभकामनाएं
देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर निर्वाचित होने के बाद द्रौपदी मुर्मू को पूरे देश से बधाई और शुभकामनाएं भेजी जा रही हैं। इसी क्रम में छपरा के कलाकार अशोक कुमार ने सैंड आर्ट के माध्यम से कलाकृति उकेर प्रथम नागरिक को शुभकामनाएं व बधाईयां दी है।

सरयू नदी के तट पर तीन दिनों की कड़ी मेहनत के बाद शनिवार को द्रौपदी मुर्मू की बालू की आकृति उकेरी गई है। अशोक की इस कलाकृति को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। बेहद सुंदर और स्पष्ट बालू की आकृति सभी देखने वालों को अपनी तरफ सम्मोहित कर रही है।

आदिवासी समाज की पहली महिला राष्ट्रपति
अशोक ने बताया कि विश्व के सबसे बड़े गणराज्य का प्रथम नागरिक बनना अपने आप मे एक अकल्पनीय बात है। उसमें भी एक सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के जंगली परिवेश से आने वाले आदिवासी महिला का बनना पूरे विश्व को समानता का संदेश देता है।

आदिवासी समाज की पहली महिला का राष्ट्रपति बनना हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती को दर्शाता है। इसीलिए इस प्रोजेक्ट को आदिशक्ति नाम दिया गया है।

आदिवासी समाज की बेटी देश की राष्ट्रपति बनी
उन्होंने कहा कि उड़ीसा के जंगलों से निकल आदिवासी समाज की बेटी देश की राष्ट्रपति बनी है। यह उनके जीवटता और कर्मठता का प्रतीक है। आदिवासी समाज में बड़ा होना एक बहुत बड़ा संघर्ष माना जाता रहा है।

वहां से एक महिला शिक्षक नेता, मंत्री, राज्यपाल और उसके बाद राष्ट्रपति बनती है। यह समाज से लिए सुखद संदेश है।
