बिहार में आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड, तापमान में होगी इतनी गिरावट
बिहार में आने वाले समय में ठिठुरन वाली ठंड बढ़ेगी। बिहार के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। वहीं झारखंड में भी अगले 2 दिनों में तापतान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।
इस दौरान सुबह में कोहरा या धुंध के बाद मुख्य रूप से आसमान साफ और मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। ठंड बढ़ने के साथ ही फुटपाथ, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के निकट रात गुजारने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है।
इन सब की मुश्किलों को कम करने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की जा रही है, ताकि ठंड के मौसम में उनके सेहत का ख्याल रखा जा सके।
गया का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस
हिमालय और उत्तर से आ रही सर्द हवाओं का असर अब बिहार में दिख रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गया का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पटना का न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री, भागलपुर का 12.2, पूर्णिया का 12.8, पश्चिम चंपारण का 13.2, मुजफ्फरपुर का 13.3 और सुपौल का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसी तरह से भागलपुर का 9.0, पूर्वी चंपारण का 12.5, नवादा का 10.8, सिवान का 12.8 और समस्तीपुर का 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
झारखंड में सबसे कम 9.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा
झारखंड में पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा। कहीं-कहीं सुबह में हल्का कोहरा भी छाया रहा। सबसे अधिक तापमान 29.4 डिग्री चाईबासा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री डालटेनगंज में दर्ज किया गया।
रांची का न्यूनतम तापमान 12.1, जमशेदपुर का 14.2, बोकारो का 11.1, चाईबासा का 12.8, देवघर का 11.2, गिरिडीह का 12.2, खूंटी का 9.4, गुमला का 18.7 और सिमडेगा का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार रांची में अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना बताया जा रहा है। राज्य के विभिन्न शहरो में भी अगले 3 से 4 दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना बताया जा रहा है।
मरीजों की संख्या भी बढ़ी
ठंड के मौसम में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार मौसम में उतार-चढ़ाव काफी खतरनाक होता है। मौसम में बदलाव का सेहत पर भी काफी असर पड़ता है।
ऐसे मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गाें को तड़के सुबह कहीं निकलने से बचना चाहिए। बाहर निकलने पर गर्म कपड़े जरूर।