बिहार में 15 स्थानों पर होगा रोड ओवरब्रिज का निर्माण, ट्रैन के आने पर नहीं करना पड़ेगा इंतजार
बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि केंद्रीय सड़क निधि से राज्य में 15 आरओबी का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेतु बंधन योजना के तहत दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, बेगुसराय, नवादा एवं कटिहार जिले में अवस्थित विभिन्न 15 महत्वपूर्ण स्थलों पर लेवल क्रासिंग के बदले आरओबी निर्माण संबंधी प्रस्ताव की स्वीकृति दी है।

आरओबी बनने के बाद जाम से मिलेगी मुक्ति
उन्होंने बताया कि आरओबी के निर्माण से राज्य में जहां एक ओर रेल से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, वहीं दूसरी ओर जाम की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी और आवागमन सुगम हो पाएगा।

इससे राज्य के किसी भी कोने से पांच घंटे में राजधानी पहुंचने के मुख्यमंत्री के सपने को साकार करने में भी मदद मिलेगी। नवीन ने राज्य के सड़क संरचनाओं के विकास में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिहार में आरओबी का निर्माण
सुपौल के भपतियाही और सुपौल शहर में एक-एक आरओबी करीब 138 करोड़ रुपये की लागत से सितंबर 2022 तक पूरा होने की संभावना है। एक आरओबी का निर्माण खगड़िया जिला के मानसी से सुपौल जिला के हरदी चौधारा के बीच बदला घाट के पास हो रहा है। वहीं दूसरा आरओबी सुपौल शहर में बनाया जा रहा है।

कटिहार के मनिया और गौशाला में एक-एक आरओबी करीब 116 करोड़ की लागत से दिसंबर 2022 तक निर्माण होने की संभावना है। इसके साथ ही अररिया में एक आरओबी करीब 87.86 करोड़ की लागत से दिसंबर 2022 तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
साल 2023 तक पूरा होगा निर्माण
पश्चिम चंपारण के बगहा और मंगलपुर में एक-एक आरओबी का निर्माण करीब 68.49 करोड़ रुपये की लागत से जून 2023 तक पूरा होने की संभावना है। सहरसा में एक आरओबी का निर्माण करीब 79 करोड़ की लागत से जुलाई 2023 तक पूरा हो सकता है।
गंगा पथ का विस्तार दीघा से शेरपुर और दीदारगंज से बख्तियारपुर तक
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि गंगा पथ का विस्तार दीघा से शेरपुर तक और दीदारगंज से बख्तियारपुर तक किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक में बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन के अधिकारियों को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंगा पथ के निरीक्षण के दौरान इस पथ के विस्तार को लेकर चर्चा की थी।