बिहार के अररिया पहुंची विश्व बैंक की टीम, जलपरी का काम देख बोली- Wow, Superb
विश्व बैंक की तीन सदस्यीय टीम ने सोमवार को जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं का दौरा कर जायजा लिया। इस दौरान जीविका दीदियों की ओर से रानीगंज प्रखंड में किए जा रहे मछली-सह-बत्तख पालन कार्य का निरीक्षण किया। जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे पारंपरिक मछली पालन, बायोफ्लाक विधि से मछली पालन और बत्तख पालन के बारे में जीविका दीदियों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
दौरे पर आए विश्व बैंक की टीम में राज गांगुली, कमलेश और अर्शिया जी ने दीदियों से मछली पालन से संबंधित किए जा रहे इस नवाचार के दौरान उत्पन्न कठिनाइयों को आपस में साझा किया। जानकारी के बाद दीदियों के इस शानदार कार्य की सराहना किए। साथ ही वैसी दीदियां जो जीविका से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें भी इससे जुड़ने की अपील की।

जीविका महिला मत्स्य उत्पादक समूह – जलपरी
विदित हो कि रानीगंज प्रखंड के खरहट पंचायत में नारायणपुर ग्राम में जीविका दीदियों को मिलाकर एक मछली उत्पादक समूह बनाया गया है। जिसका नाम जलपरी जीविका महिला मत्स्य उत्पादक समूह है। इस समूह में 35 दीदियां हैं। यहां ये सभी दीदियां मिलकर मछली और बत्तख पालन का कार्य करती हैं।

इस नवाचार को शुरू करने के लिए जीविका की ओर से दीदियों को 15 लाख रुपये की सहायता दी गई है। इसकी शुरुआत अगस्त 2021 में हुई। जीविका दीदियों के अथक प्रयास और मेहनत के बदौलत आज खरहट विकास की ओर अग्रसर हो रहा है।
विश्व बैंक की टीम ने किया उत्साहवर्धन
विश्व बैंक की टीम ने यहां पहुंच कर इस कार्य में दीदियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान जीविका की प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा ने विश्व बैंक की टीम का स्वागत किया और दीदियों की ओर से किए जा रहे कार्यों को विस्तार से बताया। इस दौरान बड़ी संख्या में जीविका दीदियां, जिला और प्रखंड स्तर के जीविकाकर्मी और कैडर्स मौजूद रहे।
