वायरल: बेटी को 10वें जन्मदिन पर गिफ्ट की चाँद पर एक एकड़ जमीन, कई पीढ़ियों के बाद हुई बेटी
बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर के एक डॉक्टर दंपती ने अपनी बेटी को अनोखा गिफ्ट दिया है। डॉ. सुरविंदर कुमार झा और डॉ. सुधा झा ने अपनी बेटी आस्था भारद्वाज के लिए चांद पर एक एकड़ जमीन खरीदी है। यह तोहफा उन्होंने उसके 10वें जन्मदिन पर दिया।
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुरविदंर ने बताया, ‘हमारे खानदान में कई पीढ़ियों के बाद बेटी ने जन्म लिया। बेटी का चेहरा चांद की तरह था। उसके लिए चांद पर जमीन से कम क्या गिफ्ट होगा? 1.5 साल की कड़ी मशक्कत के बाद जनवरी 2022 में अमेरिका की लूना सोसायटी इंटरनेशनल ने डॉक्युमेंट्स भेजे।’

गुजरात के व्यापारी से मिली प्रेरणा
डॉ. झा ने बताया, ‘यह सोच हमें 2015-16 में गुजरात के एक व्यापारी से मिली। उन्होंने अपनी 6 माह की बेटी नव्या के लिए चांद पर जमीन खरीदी थी। साथ ही नव्या सबसे कम उम्र की लूनर सिटीजन बन गई। इससे हमें काफी प्रेरणा मिली। तभी तय किया कि क्यों न अपनी बेटी के लिए भी चांद पर जमीन खरीदें।’

डॉ. झा ने कहा कि बेटी और बेटा दोनों वंश बढ़ाते हैं। अब इसके लिए हमें दादा का रोल निभाना हो या नाना का कोई फर्क नहीं पड़ता।
प्रक्रिया पूरी करने में लगे डेढ़ साल
प्रक्रिया को लेकर उन्होंने बताया कि लगभग 1.5 साल पहले इसके लिए लूना सोसायटी को ई-मेल कर संपर्क साधा। इसके बाद खुद का और बेटी का पासपोर्ट बनवाकर वेरिफाई करवाया। वेरिफिकेशन के बाद एंबेसी से संपर्क साधा।

एंबेसी से क्लीयरेंस मिलने के बाद दोबारा लूना सोसायटी को ई-मेल किया। वहां से कंफर्मेशन मिलने का मेल आया। इसमें बताया गया कि Latitude 23°34’8″ South × Longitude 7°57’50” West पर Sea of Clouds में चांद पर जमीन बेटी के नाम होने का जिक्र था।
इसके बाद पेमेंट किया और कूरियर के माध्यम से जो डॉक्युमेंट्स आए थे उन पर बेटी का साइन कराकर फैक्स कर दिया।
माता के दरबार में बेटी को सौंपे कागजात

डॉ. झा ने बताया कि जम्मू के कटरा में माता रानी के दरबार में 25 फरवरी 2022 को बेटी को सर्टिफिकेट सौंपा। उम्मीद है कि इससे अन्य माता-पिता को अपनी बेटियों के लिए कुछ ऐसा करने की प्रेरणा मिलेगी।
साथ ही बताया कि अमेरिका के लूना सोसायटी ने कई डॉक्युमेंट्स भेजे हैं। उनमें बेटी के लिए चांद पर जाने का एयर टिकट भी मौजूद है। साथ ही माता-पिता की ओर से मिले गिफ्ट का एक पोस्टकार्ड भी है।