बिहार में उखाड़ी जाएगी एक और रेल लाइन, बनेगी फोर लेन सड़क, जानिए पूरा प्लान
बिहार की राजधानी पटना (Patna) को चमकाने के लिए कई जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। शहर में पार्कों के निर्माण से लेकर फोरलेन सड़क (four lane road) तक बनाने का काम किया जा रहा है। इससे पटना के नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ ही यहां आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। इस फोरलेन सड़क का निर्माण अटल पथ के तर्ज पर किया जा रहा है। पटना साहिब स्टेशन से जेपी गंगा पथ तक फोरलेन सड़क बनायी जाएगी। 1.55 किलोमीटर लंबी यह संपर्क फोरलेन पटना सिटी अशोक राजपथ के ऊपर से गुजरेगी। वहीं घनी आबादी के बीच एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर मोहल्ले के नागरिकों के आवागमन के लिए सर्विस लेन बनायी जाएगी।
बताया जा रहा है कि बिहार राज्य पथ विकास निगम करीब 57 करोड़ की लागत से इस पथ का निर्माण कराएगा। इस कार्य के लिए निविदा की प्रक्रिया मार्च तक पूरी कर ली जाएगी। गंगा पथ से पटना घाट तक छह लेन रोड होगी. साथ ही पटना सिटी की घनी आबादी में फोरलेन के साथ सर्विस लेन होगी। अशोक राजपथ क्रासिंग के पास ऊपर दो लेन फ्लाई ओवर होगा। दीघा-आर ब्लॉक रेल लाइन को हटाकर अटल पथ का निर्माण करा दिया गया है। अब पटना साहिब – पटना घाट रेल लाइन हटाकर आधुनिक फोरलेन का डीपीआर तैयार कर लिया गया है।

लोगों को होगी सहूलियत
दीदारगंज से दीघा के बीच बसी आबादी को पटना साहिब स्टेशन जाने के लिए जेपी गंगा पथ से बिना किसी अवरुद्ध के रास्ता मिलेगा। वहीं बिदुपुर – कच्ची दरगाह छह लेन गंगा पुल से इस मार्ग को जोड़ दिया जाएगा। कच्ची दरगाह से दीदारगंज तक छह लेन संपर्क पथ का निर्माण किया जाएगा। गंगा पथ दीदारगंज में समाप्त होगा, जहां से फतुहा की ओर जाने के लिए पुराना एनएच 30 और आरओबी से दीदारगंज- बख्तियारपुर फोर लेन का संपर्क होगा।

फोरलेन का काम भी हुआ तेज
मिली जानकारी के अनुसार पटना-बक्सर फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। करीब 125 किमी की लंबाई में बनने वाले इस सड़क को लेकर बीते दिनों बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने भी कहा था कि पटना-बक्सर फोरलेन का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। वहीं इसके साथ ही बक्सर-हैदरिया फोरलेन का काम भी जल्द ही शुरू होगा। यह करीब 17 किमी लंबाई वाली फोरलेन सड़क होगी। बताया जा रहा है, कि अगले 2 सालों में दोनों सड़कों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद दिल्ली से पटना आना आसान हो जाएगा।